नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार से चार दिवसीय मध्य एशिया दौरे पर रवाना हो गए हैं। इस दौरान पीएम मोदी उज्बेकिस्तान और किर्गिज गणराज्य की यात्रा करेंगे। दौरे का अहम पड़ाव किर्गिज गणराज्य की राजधानी बिश्केक में होने वाला 26वां शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन होगा।

विदेश यात्रा पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने SCO को लेकर भारत की प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि भारत का प्रयास ऐसे क्षेत्र के निर्माण की दिशा में काम करना है, जो आतंकवाद, अलगाववाद और चरमपंथ जैसी चुनौतियों से मुक्त हो। पीएम ने कहा कि वह सुरक्षा, कनेक्टिविटी और अवसरों पर आधारित भारत के विजन को SCO के मंच पर आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।
SCO के 25 साल पूरे होने पर खास सम्मेलन
इस वर्ष SCO की स्थापना के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत वर्ष 2017 से संगठन का सक्रिय और रचनात्मक सदस्य रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिखर सम्मेलन के दौरान क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि के साझा प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।
पीएम मोदी के मुताबिक, आतंकवाद जैसी चुनौतियां केवल एक देश नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की शांति और स्थिरता के लिए खतरा हैं। ऐसे में SCO के सदस्य देशों के साथ मिलकर इन चुनौतियों का मुकाबला करना भारत की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
29-30 अगस्त को उज्बेकिस्तान में रहेंगे PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव के निमंत्रण पर 29 और 30 अगस्त को उज्बेकिस्तान की राजकीय यात्रा करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने को लेकर बातचीत होगी।
पीएम मोदी ने कहा कि हाल के वर्षों में भारत और उज्बेकिस्तान के रिश्तों में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश, डिजिटल कनेक्टिविटी, रक्षा और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और उज्बेकिस्तान के विकास से जुड़े साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में भी बातचीत होगी।

गांधी सेंटर और शास्त्री मेमोरियल जाएंगे PM
उज्बेकिस्तान यात्रा के दौरान पीएम मोदी ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में स्थित शास्त्री मेमोरियल और महात्मा गांधी सेंटर का दौरा भी करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों का प्रतीक हैं।
बिश्केक में SCO Summit में होंगे शामिल
ताशकंद के बाद प्रधानमंत्री मोदी किर्गिज गणराज्य की राजधानी बिश्केक पहुंचेंगे। राष्ट्रपति सादिर झापारोव के निमंत्रण पर वह 26वें SCO शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
सम्मेलन में प्रधानमंत्री भारत की प्राथमिकताओं को सामने रखेंगे और सुरक्षा, कनेक्टिविटी और आर्थिक अवसरों पर जोर देंगे। इसके अलावा पीएम मोदी SCO के सदस्य देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय मुलाकातें भी कर सकते हैं।
World Nomad Games के उद्घाटन में भी शामिल होंगे
प्रधानमंत्री मोदी बिश्केक में छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में भी हिस्सा लेंगे। यह आयोजन मध्य एशिया की पारंपरिक और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाला प्रमुख कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत मध्य एशिया की समृद्ध जीवंत विरासत का सम्मान करता है और क्षेत्र के साथ अपने ऐतिहासिक एवं सभ्यतागत संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
पीएम मोदी के इस दौरे को भारत की मध्य एशिया नीति और रणनीतिक साझेदारी के लिहाज से अहम माना जा रहा है। SCO शिखर सम्मेलन के दौरान आतंकवाद से मुकाबला, क्षेत्रीय सुरक्षा, कनेक्टिविटी और आर्थिक सहयोग जैसे मुद्दों पर भारत का रुख प्रमुखता से सामने आने की उम्मीद है।