Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

मनोहरपुर को बड़ी रेल सौगात टाटानगर एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव को रेलवे बोर्ड की मंजूरी सांसद जोबा माझी की पहल रंग लाई…

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर और आसपास के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। लंबे समय से चली आ रही मांग पर रेलवे बोर्ड ने टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस (18189/18190) को मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव देने की मंजूरी दे दी है। रेलवे बोर्ड ने 27 अगस्त 2026 को जारी आदेश में ट्रेन के ठहराव को प्रायोगिक आधार पर शुरू करने की अनुमति दी है।

इस फैसले से मनोहरपुर के अलावा आनंदपुर, गोइलकेरा, सोनुवा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर रोजगार, शिक्षा, इलाज और अन्य जरूरी कार्यों के लिए दक्षिण भारत जाने वाले लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

सांसद ने रेलवे की बैठक में उठाया था मुद्दा

ट्रेन के ठहराव की मांग को सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने रेलवे के समक्ष प्रमुखता से रखा था। 22 जनवरी 2026 को रांची में आयोजित सांसदों की मंडलीय समिति की बैठक में उन्होंने रेल यात्रियों की समस्याओं और क्षेत्र की रेल सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस को मनोहरपुर में रोकने की मांग की थी।

सांसद ने रेलवे अधिकारियों को बताया था कि मनोहरपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग काम, पढ़ाई और इलाज समेत अन्य जरूरतों के लिए दक्षिण भारत के अलग-अलग शहरों की यात्रा करते हैं। ऐसे में इस ट्रेन का ठहराव स्थानीय यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।

रेलवे बोर्ड ने जारी किया आदेश

रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) राजेश कुमार की ओर से जारी आदेश में 18189/18190 टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के मनोहरपुर स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव को मंजूरी दी गई है।

आदेश के मुताबिक संबंधित रेलवे जोन को सुविधाजनक तिथि निर्धारित कर ट्रेन का ठहराव शुरू करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही टिकट बिक्री केंद्रों और संबंधित स्थानों पर यात्रियों को इसकी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा गया है।

दक्षिण भारत जाने वालों की परेशानी होगी कम

ट्रेन के मनोहरपुर में रुकने से क्षेत्र के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए दूसरे स्टेशनों का रुख करने की जरूरत कम होगी। दक्षिण भारत में रोजगार करने वाले मजदूरों और कामगारों के अलावा विद्यार्थी, व्यापारी, मरीज और उनके परिजन भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

स्थानीय लोगों के लिए यह ट्रेन दक्षिण भारत से जुड़ने वाला महत्वपूर्ण रेल विकल्प बन सकती है। इससे यात्रा में समय और अतिरिक्त खर्च दोनों की बचत होने की उम्मीद है।

लंबे समय से थी ठहराव की मांग

मनोहरपुर स्टेशन पर महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की मांग स्थानीय स्तर पर लंबे समय से उठती रही है। रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सांसद जोबा माझी ने यात्रियों की इस समस्या को रेलवे की बैठकों में प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद अब ठहराव को मंजूरी मिली है।

रेलवे बोर्ड की स्वीकृति के साथ ही मनोहरपुर स्टेशन पर टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव का रास्ता साफ हो गया है। अब संबंधित रेलवे जोन द्वारा ठहराव की तारीख तय किए जाने का इंतजार है।

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top