रांची: नामकुम थाना क्षेत्र के बालाजी नगर में राजस्वकर्मी लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या के विरोध में सोमवार को रांची जिले के सभी अंचलों में राजस्व कर्मचारियों ने कामकाज ठप रखा। कर्मचारियों ने अंचल कार्यालयों में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत साथी को श्रद्धांजलि दी और हत्याकांड पर आक्रोश जताया।
इसके बाद राजस्व कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने हत्याकांड में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कार्यस्थल पर सुरक्षा की मांग
राजस्व कर्मचारियों ने कहा कि एक सरकारी कर्मचारी की इस तरह हत्या होना बेहद गंभीर मामला है। घटना के बाद कर्मचारियों के बीच भय और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करने और सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की, ताकि वे बिना किसी भय के अपने सरकारी दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
सभी अंचलों में जताया विरोध
हत्या के विरोध में जिले के सभी अंचल कार्यालयों में कर्मचारियों ने काम बंद रखा। शोकसभाओं में लक्ष्मीकांत मुंडा को श्रद्धांजलि दी गई। कर्मचारियों ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। राजस्व कर्मचारियों के कामकाज ठप रहने से सोमवार को अंचल कार्यालयों में होने वाले राजस्व संबंधी कार्य भी प्रभावित हुए।
पुलिस ने शुरू की हत्याकांड की जांच
इधर, पुलिस हत्याकांड की जांच में जुटी हुई है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद लक्ष्मीकांत मुंडा का शव परिजनों को सौंप दिया गया था। देर शाम बुंडू स्थित उनके पैतृक गांव दलकीडीह में अंतिम संस्कार किया गया। मामले की जांच के लिए ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, नामकुम थाना प्रभारी रामनारायण सिंह और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले हैं।
12 से अधिक लोगों से पूछताछ
हत्याकांड के सिलसिले में पुलिस ने 12 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पुलिस प्रेम प्रसंग, लूटपाट और जमीन विवाद समेत कई संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। राजस्व कर्मचारियों ने पुलिस से जांच में तेजी लाने और हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है।