नई दिल्ली: केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के स्थानीय उत्पादों को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं के कारण देश के स्थानीय उत्पाद अब अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बना रहे हैं। बिहार का मखाना और शाही लीची इसका प्रमुख उदाहरण हैं।
नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और उन्हें वैश्विक बाजार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया है। इसका लाभ किसानों, उत्पादकों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को मिल रहा है। स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले उत्पाद अब देश की पहचान बनने के साथ-साथ विदेशों में भी अपनी मांग बना रहे हैं।
स्थानीय उत्पादों से मजबूत हो रही अर्थव्यवस्था
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। किसानों और छोटे कारोबारियों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत अब वैश्विक निर्यात के क्षेत्र में अपनी मजबूत स्थिति बना चुका है और स्थानीय उत्पादों को दुनिया तक पहुंचाने का अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बिहार के मखाना और शाही लीची का जिक्र करते हुए कहा कि इन उत्पादों की बढ़ती मांग इस बात का प्रमाण है कि भारत के पारंपरिक और स्थानीय उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी जगह बना रहे हैं।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
नित्यानंद राय ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग भ्रम और अफवाह फैलाकर देश की छवि और सामर्थ्य को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता ऐसे लोगों की मंशा को समझती है और देश की एकता व हितों के खिलाफ होने वाली राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।
‘सुरक्षित भारत और विकसित भारत’ मोदी की गारंटी
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक, सामरिक और वैश्विक स्तर पर लगातार मजबूत हो रहा है। देश अपनी सुरक्षा और संप्रभुता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि आज भारत इतना सक्षम है कि उसकी एकता, अखंडता और सीमाओं पर कोई बुरी नजर डालने का साहस नहीं कर सकता।