रांची: राजधानी रांची में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पिछले 10 दिनों में ट्रैफिक पुलिस ने कुल 37,907 चालान काटे हैं। आंकड़ों के अनुसार, प्रतिदिन औसतन 3,791 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई है।

ट्रैफिक विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक सबसे अधिक चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने, नो-पार्किंग जोन में गाड़ी खड़ी करने और रेड लाइट जंप करने के मामलों में काटे गए हैं। लगातार चल रही जांच और निगरानी के बावजूद बड़ी संख्या में लोग यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए जा रहे हैं।
रांची ट्रैफिक पुलिस ने नियम तोड़ने वालों के खिलाफ केवल चालान तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रखी है। ट्रैफिक एसपी ने बताया कि इस वर्ष मई माह तक करीब 4,500 ड्राइविंग लाइसेंसों के निलंबन (सस्पेंशन) के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) को अनुशंसा भेजी जा चुकी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसके बावजूद कई वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें तथा सभी यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें….