रांची: युवाओं को अपराध और नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को डीपीएस स्कूल, जगन्नाथपुर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को साइबर अपराध, मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया.

कार्यक्रम में ट्रैफिक एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक डीएसपी और हटिया डीएसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसके भविष्य और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने छात्रों से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
साइबर अपराध पर चर्चा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि आज के डिजिटल दौर में ऑनलाइन ठगी और साइबर फ्रॉड के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया और इंटरनेट का उपयोग करते समय सतर्क रहना बेहद जरूरी है। छात्रों को सलाह दी गई कि वे अपनी निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अभिभावकों या पुलिस को दें।
महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने छात्रों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और कानून की जानकारी देते हुए किसी भी तरह की आपराधिक घटना की सूचना तुरंत संबंधित एजेंसियों को देने का संदेश दिया।
इसके अलावा सड़क सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया। विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल को छात्रों में सामाजिक जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज के निर्माण, कानून का सम्मान करने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प दिलाया गया।