Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

पश्चिमी सिंहभूम में जमीन विवाद बना खूनी दुश्मनी की वजह एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या…

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में जमीन विवाद को लेकर रिश्तों के खून से हाथ रंगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। टोंटो थाना क्षेत्र के केन्जरा टोला तारोबबुरू में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीनों मृतकों के शव बरामद कर लिए हैं। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त खून लगी कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है।

एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या

मृतकों की पहचान राजिन दोरायबुरू (करीब 40 वर्ष), उनकी पत्नी जानो दोरायबुरू (करीब 38 वर्ष) और राजिन के पिता काण्डे दोरायबुरू (करीब 72 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को रमिया दोरायबुरू ने टोंटो थाना में लिखित सूचना दी थी कि केन्जरा टोला तारोबबुरू निवासी उनके परिवार के तीन सदस्य लापता हैं। आशंका जताई गई थी कि जमीन विवाद को लेकर अज्ञात अपराधियों ने उनकी हत्या कर शव को कहीं छिपा दिया है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित हुई विशेष टीम

मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा को दी गई। एसपी के निर्देश पर जगन्नाथपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राफेल मुर्मू के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

टीम ने गांव और आसपास के इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों के साथ-साथ घटना से जुड़े साक्ष्यों की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में अपराध स्वीकारने का दावा

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर तीनों मृतकों के शव बरामद किए गए। साथ ही घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई खून लगी कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है।

इस मामले में टोंटो थाना में कांड संख्या 19/2026, दिनांक 26 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238 एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है और हत्या के पीछे जमीन विवाद से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top