
रांची: राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट में आज यात्रियों की सुविधा और एयरपोर्ट सौंदर्यीकरण से जुड़ी कई नई सुविधाओं का उद्घाटन किया गया। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने एयरपोर्ट परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा, उड़ान यात्री कैफे, अवसर काउंटर और किड्स जोन का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रांची मेयर रोशनी खलखो, विधायक नवीन जायसवाल, राज्यसभा सांसद महुआ मांझी समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया, वहीं कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

उद्घाटन के दौरान केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड में बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों की आकांक्षाओं को विकास और संभावनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि एयरपोर्ट पर विकसित की गई नई सुविधाएं यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाएंगी और राज्य की पहचान को भी मजबूत करेंगी।
वहीं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि रांची एयरपोर्ट लगातार आधुनिक सुविधाओं से लैस हो रहा है और आने वाले समय में यह देश के प्रमुख एयरपोर्ट्स में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
एयरपोर्ट परिसर में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। वहीं किड्स जोन और यात्री कैफे जैसी सुविधाओं से यात्रियों, खासकर बच्चों और परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।