रांची: झारखंड में भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है…राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सुबह से ही चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी के कारण सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने 22 और 23 मई को राज्य के कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है।

गुरुवार को राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जमशेदपुर में पारा 43.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। चाईबासा में 41.8 डिग्री और बोकारो में 41.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया है। खासकर दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। रांची, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ़, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, सरायकेला, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में दोपहर तक तेज धूप पड़ने की संभावना जताई गई है। हालांकि दोपहर बाद कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है और तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है।
राजधानी रांची में 26 मई तक येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने दोपहर बाद बादल छाने, गरज के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक दिन में गर्मी बनी रहेगी, लेकिन शाम के समय मौसम में बदलाव से तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है।
इस बार सबसे अधिक गर्मी मेदिनीनगर में रिकॉर्ड की गई है। गुरुवार को यहां का अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। मेदिनीनगर का पुराना रिकॉर्ड भी चिंताजनक रहा है। छह मई 1978 को यहां तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जबकि मई 2024 में भी पारा 47.5 डिग्री तक दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग ने गढ़वा , पलामू और चतरा के लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार 22 और 23 मई को इन जिलों में लू चलने की पूरी संभावना है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।
भीषण गर्मी और हीट स्ट्रोक के खतरे को देखते हुए झारखंड सरकार भी अलर्ट मोड में आ गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफ़ान अंसारी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि बहुत जरूरी होने पर ही दिन के समय घर से बाहर निकलें। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों, सदर अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में ORS काउंटर, जरूरी दवाइयों, आईवी फ्लूइड्स, अतिरिक्त बेड और कूलिंग सुविधा की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मामलों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।