Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

रांची में दून डेकोर गोदाम में भीषण आग लाखों का सामान जलकर खाक

12 दमकल गाड़ियां घंटों से आग बुझाने में जुटीं, चेशायर होम रोड पर यातायात प्रभावित

रांची: राजधानी रांची के चेशायर होम इलाके में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दून डेकोर के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखा फर्नीचर व अन्य सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। घटना के बाद इलाके में धुएं का गुबार फैल गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि शुरुआती स्तर पर उसे नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। शुरुआत में करीब पांच दमकल वाहनों के जरिए आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए अतिरिक्त गाड़ियों को भी बुलाना पड़ा।

फिलहाल करीब 12 दमकल की गाड़ियां लगातार आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं। दमकल कर्मियों की कोशिश है कि आग आसपास की दुकानों और इमारतों तक न पहुंचे, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके। आग लगने के कारण गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया है। हालांकि नुकसान का आधिकारिक आंकलन अभी नहीं किया गया है।

घटना के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर चेशायर होम रोड को एक तरफ से बंद कर दिया है। सड़क बंद होने की वजह से इलाके में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वहीं धुएं और गर्मी के कारण स्थानीय लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top