पटना: बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड), पटना को ISO 9001:2015 गुणवत्ता प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में यह प्रमाणपत्र बिपार्ड के महानिदेशक डॉ. बी. राजेंद्र को सौंपा गया। इसके साथ ही बिपार्ड पटना, बिहार में यह प्रतिष्ठित प्रमाणपत्र हासिल करने वाली तीसरी सरकारी संस्था बन गई है।

मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर बिपार्ड के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रमाणपत्र संस्थान की गुणवत्तापूर्ण कार्यप्रणाली, पारदर्शिता और उत्कृष्ट प्रशासनिक व्यवस्था का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि बिहार की संस्थाएं अब अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य कर रही हैं, जो राज्य के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि बिपार्ड प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देकर राज्य की शासन व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। संस्थान में वर्षभर नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित होते हैं और 365 दिनों तक प्रशिक्षण व्यवस्था उपलब्ध रहती है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बिपार्ड, पटना और बिपार्ड, गया दोनों संस्थानों की प्रशिक्षण क्षमता का विस्तार किया जाए। उन्होंने आधुनिक तकनीक, प्रशासनिक नवाचार और बेहतर प्रबंधन प्रणाली को प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चरणबद्ध कार्ययोजना के तहत प्रशिक्षण अवसंरचना, संसाधनों, मानवबल और पाठ्यक्रमों को और मजबूत किया जाए, ताकि दोनों संस्थान क्षमता निर्माण और सुशासन के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में स्थापित हो सकें।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव सह बिपार्ड के महानिदेशक डॉ. बी. राजेंद्र, ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और ISO प्रमाणन संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।