Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

जेपीएससी विवाद पर भाजपा का बड़ा ऐलान बाईस जुलाई को आयोग कार्यालय का घेराव करेगी भाजयुमो…

रांची: 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सियासी आंदोलन का रूप लेता दिख रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में 22 जुलाई को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेतृत्व में JPSC कार्यालय का घेराव करने की घोषणा की है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि आंदोलन की शुरुआत 22 जुलाई की सुबह 10 बजे जयपाल सिंह स्टेडियम से होगी, जहां बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और प्रतियोगी छात्र एकत्र होंगे। इसके बाद रैली के रूप में JPSC कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद अभ्यर्थियों के मन में कई गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि जारी की गई मार्कशीट पर सक्षम अधिकारियों के हस्ताक्षर नहीं हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि सूचना के अधिकार (RTI) के तहत OMR शीट की प्रतियां मांगने के बावजूद अभ्यर्थियों को उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं और आयोग की वेबसाइट पर भी जरूरी दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह मामला केवल एक परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य और राज्य की भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़ा है। उन्होंने प्रतियोगी छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों से आंदोलन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह न्याय और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की लड़ाई है।

भाजपा का आरोप है कि परीक्षा प्रक्रिया में हुई कथित गड़बड़ियों ने युवाओं का भरोसा कमजोर किया है और सरकार को इस पूरे मामले पर जवाब देना चाहिए। वहीं, JPSC परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों का विरोध भी लगातार जारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top