रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बुधवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में भारत के कोलकाता स्थित ऑस्ट्रेलियन काउंसलेट-जनरल बर्नार्ड लिंच ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
कई प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर मंथन
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बर्नार्ड लिंच के बीच शिक्षा, मिनरल्स, स्किल डेवलपमेंट, निवेश, संस्कृति, खेल और पर्यटन समेत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।
दोनों पक्षों ने झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई देने और आपसी हित से जुड़े क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।
निवेश और कौशल विकास पर भी रहा फोकस
बैठक में झारखंड में निवेश की संभावनाओं के साथ-साथ कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग को लेकर भी चर्चा हुई। इसके अलावा राज्य की खनिज संपदा, शिक्षा और पर्यटन समेत अन्य क्षेत्रों में आपसी सहयोग के अवसर तलाशने पर जोर दिया गया। संस्कृति और खेल के क्षेत्र में भी दोनों पक्षों के बीच संभावित साझेदारी पर विचार साझा किए गए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
मुलाकात के दौरान झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार और ऑस्ट्रेलियन काउंसलेट-जनरल, कोलकाता की वरिष्ठ अनुसंधान एवं भ्रमण अधिकारी एंजेलीना नायर भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, ऑस्ट्रेलियन काउंसलेट-जनरल की मुख्यमंत्री से यह शिष्टाचार भेंट थी।