रांची: झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा को लेकर जारी गतिरोध खत्म हो गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के आश्वासन के बाद 108 एंबुलेंस कर्मियों ने अपनी हड़ताल वापस लेने की घोषणा की है। बुधवार को एंबुलेंस सेवा के सुचारू संचालन को लेकर स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग में मंत्री की अध्यक्षता में बैठक हुई।
बैठक में 108 एंबुलेंस कर्मियों के प्रतिनिधियों और सेवा का संचालन करने वाली एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ वेतन, स्थानांतरण और अन्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कर्मियों ने रखीं अपनी शिकायतें
बैठक के दौरान 108 एंबुलेंस कर्मियों ने संचालन एजेंसी पर पूर्व में किए गए आश्वासनों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। कर्मियों ने समय पर वेतन नहीं मिलने और अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को भी मंत्री के सामने रखा।
कर्मियों ने कहा कि पहले भी उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कई मामलों में अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
एजेंसी ने भी रखा अपना पक्ष
वहीं, संचालन एजेंसी के प्रतिनिधियों ने कर्मियों की शिकायतों पर अपना पक्ष रखा। एजेंसी की ओर से कहा गया कि कुछ ड्राइवर और अन्य कर्मियों की कार्य में रुचि नहीं होने के कारण उनका स्थानांतरण किया गया है।
एजेंसी ने वेतन का भुगतान नहीं होने या कम भुगतान किए जाने के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि कर्मियों को नियमानुसार वेतन और अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं।
ट्रांसफर के मामलों की होगी जांच
बैठक में कर्मियों के स्थानांतरण, वेतन भुगतान और अन्य सुविधाओं से जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा की गई। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कर्मियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मामलों की जांच कराने का आश्वासन दिया। खास तौर पर स्थानांतरित किए गए एंबुलेंस कर्मियों के मामलों की जांच कराने की बात कही गई है।
आश्वासन के बाद हड़ताल वापस
गौरतलब है कि 108 एंबुलेंस कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर जाने की घोषणा की थी। बुधवार को हुई बैठक में मंत्री और अपर मुख्य सचिव के आश्वासन के बाद कर्मियों ने हड़ताल वापस लेने का फैसला किया।
इस फैसले के बाद राज्य में 108 एंबुलेंस सेवा के सुचारू संचालन का रास्ता साफ हो गया है, जिससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ने वाले संभावित असर को टाला जा सका है।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, डीआईसी डॉ. सिद्धार्थ सान्याल सहित 108 एंबुलेंस कर्मियों और संचालन एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।