Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

हर घर तक पहुंचेगा शुद्ध पानी नल जल योजना में शतप्रतिशत जलापूर्ति सुनिश्चित करने का सीएम सम्राट चौधरी का निर्देश…

पटना,

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की समीक्षा बैठक में हर घर नल का जल योजना के तहत 100 प्रतिशत जलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पेयजल आपूर्ति योजना पूरी तरह फंक्शनल रहे और लोगों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जाए।

लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में हुई बैठक में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव बी. कार्तिकेय धनजी ने विभाग की विभिन्न योजनाओं, उनकी प्रगति, संचालन, रखरखाव, मरम्मती और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। विभाग की योजनाओं को पटना, पूर्वी चंपारण, पूर्णिया और मुंगेर चार जोन में बांटकर कार्य किया जा रहा है।

98.5% शिकायतों का हुआ निवारण

बैठक में बताया गया कि सतत पेयजल आपूर्ति के लिए विभाग की ओर से जलमीनार सफाई, निरीक्षण एवं मरम्मती, जल गुणवत्ता जांच, शिकायत निवारण और प्रखंड स्तरीय भंडार सुदृढ़ीकरण अभियान चलाए जा रहे हैं।

केंद्रीयकृत शिकायत निवारण कोषांग की समीक्षा में बताया गया कि 15 अगस्त 2025 से 28 सितंबर 2026 तक कुल 3,00,622 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 2,96,179 शिकायतों का निवारण किया जा चुका है। इस तरह शिकायत निवारण की दर 98.5 प्रतिशत रही।

पानी की गुणवत्ता की लगातार जांच के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलापूर्ति का जो समय निर्धारित है, उस अवधि में लोगों को शुद्ध और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए। शिकायत मिलने पर उसका समय पर समाधान हो और पानी की गुणवत्ता की लगातार जांच कराई जाए।

उन्होंने पेयजल आपूर्ति योजनाओं के रखरखाव और अनुरक्षण कार्य को बेहतर तरीके से करने तथा हर घर तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव बी. कार्तिकेय धनजी और विशेष सचिव संजीव कुमार उपस्थित रहे।

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top