रांची: वियतनाम में सड़क दुर्घटना में मृत रांची निवासी राजा कुमार बंसी का पार्थिव शरीर रांची लाने के लिए जिला प्रशासन प्रयासरत है। राज्य सरकार के निर्देश पर प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ समन्वय कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
परिजनों ने उपायुक्त से की मुलाकात
मंगलवार को मृतक के परिजनों ने रांची के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान परिजनों ने राजा कुमार का पार्थिव शरीर जल्द रांची लाने को लेकर प्रशासन से मदद की अपील की।
25 सितंबर को हुआ था हादसा
जिला प्रशासन के अनुसार, कैलाश नगर निवासी राजा कुमार बंसी के साथ 25 सितंबर 2026 को वियतनाम में सड़क दुर्घटना हुई थी। हादसे के बाद 26 सितंबर की सुबह उनकी मौत हो गई थी।
प्रशासन ने कहा कि पार्थिव शरीर को जल्द रांची लाने के लिए सभी जरूरी प्रशासनिक कदम उठाए जा रहे हैं। संबंधित विभागों से समन्वय कर परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
मृतक के परिजनों को प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिया गया है। इस दौरान शांति समिति के सदस्य जय सिंह यादव, रांची नगर निगम के वार्ड नंबर-27 के पार्षद और मृतक के परिजन मौजूद रहे।