जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित एनएच पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़े ब्रेकडाउन ट्रेलर के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
ब्रेकडाउन ट्रेलर से टकराई कार
जानकारी के मुताबिक, ट्रेलर बुधवार रात से ही सड़क पर ब्रेकडाउन की स्थिति में खड़ा था। गुरुवार तड़के कार ट्रेलर के पिछले हिस्से से जा टकराई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में कार सवार चारों लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल थीं। अन्य मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में बताई गई है।
एमजीएम अस्पताल भेजे गए शव
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार से शवों को बाहर निकालकर एमजीएम अस्पताल भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
सीएम हेमंत सोरेन ने जताया दुख
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताया। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि संतान को खोने का दुख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे है। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मंत्री इरफान अंसारी ने भी जताई संवेदना
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में शक्ति मिलने की प्रार्थना की। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।