Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

हजारीबाग में प्रिंस खान गैंग से जुड़े आरोपी से पुलिस की मुठभेड़ ट्रांसपोर्टिंग वाहनों पर फायरिंग मामले में बड़ी कार्रवाई…

हजारीबाग: हजारीबाग पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह से जुड़े संदिग्ध अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़कागांव थाना क्षेत्र में एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान अंकित कुमार पांडेय के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

यह कार्रवाई बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर दो हाइवा वाहनों पर हुई फायरिंग के मामले की जांच के दौरान की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आरोपी की निशानदेही पर एक देसी पिस्तौल, 7.62 एमएम का एक खोखा, एक मिसफायर गोली, एक जिंदा गोली, एक देसी बम और चार धमकी भरे पर्चे बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक आत्मरक्षा में हुई फायरिंग

हजारीबाग पुलिस के अनुसार, आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लेने के बाद उसकी निशानदेही पर बरामदगी के लिए गैस प्लांट के पास ले जाया गया था। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान आरोपी ने एक जवान को धक्का दिया और बरामद पिस्तौल से पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की।

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तत्काल बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।

टेलीग्राम चैट की भी पुलिस कर रही जांच

पुलिस के अनुसार, अंकित कुमार पांडेय के मोबाइल फोन की जांच के दौरान टेलीग्राम एप पर प्रिंस खान और उसके गिरोह से जुड़े लोगों के साथ कथित चैट सामने आई है। पुलिस इस डिजिटल साक्ष्य की भी जांच कर रही है। बताया गया है कि बड़कागांव में एनटीपीसी कोल परिवहन में लगे वाहनों पर हुई फायरिंग के मामले में बड़कागांव थाने में कांड संख्या 133/26 दर्ज किया गया था। इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।

25 जुलाई की फायरिंग मामले में पूछताछ

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने 25 जुलाई की रात 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर अपने अन्य साथियों के साथ फायरिंग करने और कथित तौर पर प्रिंस खान गिरोह के नाम से धमकी भरे पर्चे छोड़ने की जानकारी दी है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पिपराडीह गांव के पास बंद पड़े गैस प्लांट से हथियार और बम बरामद किए हैं। पुलिस अब इस मामले में आरोपी के अन्य सहयोगियों और गिरोह से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रांसपोर्टिंग वाहनों पर फायरिंग के मामले में गिरोह से जुड़े आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। मामले को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी प्रेस वार्ता के माध्यम से दिए जाने की बात कही गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top