रांची: झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच सरकार और अभ्यर्थियों के बीच बातचीत का दौर जारी है। शुक्रवार को हुई वार्ता के बाद अब शनिवार को एक बार फिर सरकार और छात्रों के प्रतिनिधियों के बीच अहम बैठक होने जा रही है। ऐसे में सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि सरकार छात्रों की मांगों पर कोई ठोस निर्णय लेती है या नहीं।

जानकारी के मुताबिक, ‘JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच’ का आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शनिवार को मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में सरकार के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगा। बैठक में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, अभ्यर्थियों की मांगों और भर्ती व्यवस्था में सुधार सहित कई मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
शुक्रवार की वार्ता को छात्रों ने बताया सकारात्मक
इससे पहले शुक्रवार की रात स्टेट गेस्ट हाउस में सरकार और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत हुई थी। वार्ता के बाद छात्र प्रतिनिधियों ने इसे सकारात्मक बताया था। हालांकि, मांगों पर अंतिम फैसला नहीं होने के कारण छात्रों ने अपना आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया था। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर सरकार की ओर से स्पष्ट और ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन को समाप्त करने पर विचार नहीं किया जाएगा।

आज की बैठक क्यों है अहम?
शनिवार को होने वाली वार्ता को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पिछली बैठक के बाद अब छात्रों को सरकार से ठोस पहल की उम्मीद है। सरकार की ओर से भी बातचीत के माध्यम से गतिरोध को समाप्त करने की कोशिश की जा रही है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे वार्ता शुरू होने की तैयारी है, जबकि 11 बजे के आसपास भी बैठक होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, बैठक के समय में बदलाव भी संभव है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सरकार और छात्रों के बीच आज सहमति बन पाएगी? या फिर मांगों पर फैसला नहीं होने की स्थिति में JPSC-JSSC को लेकर छात्रों का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। आज की वार्ता के नतीजे पर ही आंदोलन की अगली रणनीति काफी हद तक तय हो सकती है।