Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

रांची एयरपोर्ट की पार्किंग में फिर चोरी लगातार चोरी से एयरपोर्ट पार्किंग की सुरक्षा पर उठे सवाल…

रांची: बिरसा मुंडा एयरपोर्ट की पार्किंग में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है। इस बार चोरों ने पार्किंग परिसर में स्थित मुख्य सर्वर बूथ को निशाना बनाया और कई महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान में इन्वर्टर, दो कंप्यूटर, हैंड मशीन, डीवीआर, सीसीटीवी कैमरे और बड़ी मात्रा में केबल वायर शामिल हैं। चोरी की जानकारी उस समय हुई, जब सुबह कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंचे। सर्वर बूथ में रखे कई जरूरी उपकरण गायब मिले। कर्मचारियों ने आसपास के इलाकों में भी सामान की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

मैनेजर की शिकायत पर FIR, जांच शुरू

मामले को लेकर एयरपोर्ट पार्किंग के मैनेजर अविनाश चंद्र तिवारी ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोर किस रास्ते से पार्किंग परिसर में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने के बाद किस दिशा में फरार हुए। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।

मार्च में भी हुई थी चोरी

एयरपोर्ट पार्किंग परिसर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 19 मार्च को भी इसी परिसर में चोरी की वारदात सामने आई थी। उस दौरान इलेक्ट्रॉनिक सामान, नकदी और केबल वायर समेत कई चीजें चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। बताया जा रहा है कि मार्च में दर्ज मामले में भी अब तक चोरों तक पुलिस नहीं पहुंच सकी है और चोरी गए सामान की बरामदगी नहीं हुई है।

लगातार चोरी से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

एक ही परिसर में कुछ महीनों के अंतराल पर दो बार चोरी की घटना सामने आने के बाद बिरसा मुंडा एयरपोर्ट की पार्किंग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील स्थान पर सर्वर, CCTV सिस्टम, DVR और अन्य तकनीकी उपकरणों की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।

अब ताजा चोरी के बाद पुलिस के सामने चुनौती सिर्फ नए मामले को सुलझाने की नहीं, बल्कि पुराने मामले की जांच को भी आगे बढ़ाने की है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है या अलग-अलग चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top