रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में स्वयं एन्यूमरेशन (SIR) प्रपत्र भरकर जमा किया।

इस दौरान उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना फॉर्म भरकर मतदाता सूची में विवरण का सत्यापन सुनिश्चित करने की अपील की।मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना हर नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल अपना ही नहीं, बल्कि परिवार, पड़ोस और समाज के अन्य पात्र मतदाताओं को भी इस अभियान में शामिल होने के लिए प्रेरित करें, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बन सके।मुख्यमंत्री आवास पर निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बीएलओ ने मुख्यमंत्री का एन्यूमरेशन प्रपत्र भरवाया।

इस मौके पर विधायक कल्पना सोरेन ने भी स्वयं अपना SIR प्रपत्र भरकर जमा किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए मतदाता सूची का अद्यतन होना बेहद जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि बीएलओ के घर पहुंचने पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं और समय पर फॉर्म जमा कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।
इस अवसर पर रांची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, ईआरओ-सह-एडीएम धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन सहित अन्य निर्वाचन अधिकारी एवं बीएलओ उपस्थित रहे।