Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

रांची में कारोबारी को पीएलएफआई के नाम पर लाखों की रंगदारी की धमकी व्हाट्सएप मैसेज से परिवार को जान से मारने की चेतावनी…

रांची: राजधानी रांची में एक बार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए हैं। चुटिया थाना क्षेत्र के मकचुंद टोली निवासी एक कारोबारी से पीएलएफआई (PLFI) के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रंगदारी नहीं देने पर कारोबारी, उनके परिवार और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी गई है। घटना के बाद पूरे परिवार में दहशत का माहौल है। पीड़ित की शिकायत पर चुटिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

व्हाट्सएप पर भेजा गया धमकी भरा पत्र

पीड़ित कारोबारी धर्मवीर कुमार सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनके मोबाइल पर लगातार अलग-अलग नंबरों से कॉल आ रहे थे। एक कॉल रिसीव करने पर कॉल करने वाले ने खुद को एक संगठन का सदस्य बताया, लेकिन उन्होंने उसकी बात सुने बिना फोन काट दिया।

इसके बाद 29 जून की शाम करीब 5 बजे उनके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से धमकी भरा पत्र भेजा गया। पत्र में खुद को “क्रांतिकारी लाल सलाम” संगठन का सदस्य बताते हुए 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि रकम नहीं देने पर उनके खिलाफ “फौजी कार्रवाई” की जाएगी।

बच्चों का नाम लेकर दी धमकी

धमकी भरे संदेश में कारोबारी के दोनों बच्चों का भी जिक्र किया गया, जो रांची के ऑक्सफोर्ड स्कूल में पढ़ते हैं। बच्चों को लेकर दी गई गंभीर धमकी के बाद पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है। पीड़ित ने पुलिस से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

धर्मवीर कुमार सिंह ने पुलिस को व्हाट्सएप पर प्राप्त धमकी भरा पत्र और जिन मोबाइल नंबरों से लगातार कॉल आए, उनकी पूरी जानकारी भी सौंप दी है। चुटिया थाना पुलिस साइबर एंगल समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि धमकी भेजने वालों की पहचान कर जल्द आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top