रांची: झारखंड में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में आज बड़ा कदम उठाया जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को राजधानी रांची के होटवार स्थित खेलगांव में आयोजित कार्यक्रम में 1,042 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।

इस नियुक्ति से राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होने की उम्मीद है। नियुक्त शिक्षकों में 274 इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 1 से 5) और 768 स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 6 से 8) शामिल हैं। स्नातक प्रशिक्षित शिक्षकों में 387 सामाजिक विज्ञान, 231 गणित एवं विज्ञान तथा 150 भाषा विषय के अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।
जिलावार नियुक्ति में पलामू को सबसे अधिक 123 सहायक आचार्य मिले हैं। इसके बाद गिरिडीह (92), कोडरमा (81), साहिबगंज (63), पश्चिमी सिंहभूम (61) और देवघर (59) का स्थान है। वहीं रामगढ़ को सबसे कम 4 सहायक आचार्य मिले हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी राज्य सरकार करीब 10,500 सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंप चुकी है, जो वर्तमान में विभिन्न सरकारी स्कूलों में सेवाएं दे रहे हैं।