Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

क्लासरूम में बंदूक लेकर पहुंचा छात्र रील बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर स्थित श्यामा प्रसाद इंटर कॉलेज में एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। 12वीं कक्षा का एक छात्र स्कूल बैग में किताबों की जगह अवैध हथियार और जिंदा कारतूस लेकर क्लासरूम पहुंच गया। हैरानी की बात यह रही कि छात्र और उसके दोस्तों ने हथियार के साथ क्लास के अंदर रील बनाई, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। वीडियो सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया।

मारपीट के बाद रौब जमाने के लिए लाया हथियार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले कॉलेज में छात्रों के बीच मारपीट हुई थी। इसी विवाद के बाद आरोपी छात्र कथित तौर पर अपनी धाक जमाने के उद्देश्य से हथियार लेकर कॉलेज पहुंचा। वह पीछे की बेंच पर बैठा और दोस्तों के साथ हथियार दिखाते हुए वीडियो बनवाया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया।

वीडियो वायरल होने पर प्रशासन हरकत में आया

मामला तब सामने आया जब वायरल वीडियो कॉलेज प्रबंधन तक पहुंचा। इसके बाद प्राचार्य ने तत्काल जांच शुरू कराई। पूछताछ के दौरान तीन छात्रों—हिमांशु, प्रेम और हर्ष मिश्रा—की पहचान की गई। कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, आरोपी छात्र ने हथियार कॉलेज लाने की बात स्वीकार की है। हालांकि उसका दावा है कि किसी अन्य व्यक्ति ने उससे बैग में बंदूक रखने को कहा था और अगले दिन स्कूल के बाहर आकर हथियार वापस ले लिया।

तीनों छात्रों पर कार्रवाई, पुलिस को नहीं दी गई सूचना

कॉलेज प्राचार्य एस.सी. महतो ने बताया कि तीनों छात्रों को निलंबित कर दिया गया है और उनके अभिभावकों को बुलाकर ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) देने की प्रक्रिया शुरू की गई है। हालांकि, इस पूरे मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई। प्राचार्य का कहना है कि पुलिस कार्रवाई से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो सकता है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

घटना के बाद कॉलेज परिसर में भय का माहौल है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर एक छात्र हथियार और जिंदा कारतूस लेकर क्लासरूम तक कैसे पहुंच गया। यह घटना न सिर्फ शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि युवाओं में सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने की होड़ और हथियारों के प्रति बढ़ते आकर्षण को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा करती है। फिलहाल कॉलेज प्रशासन ने अपने स्तर पर कार्रवाई की है, जबकि पूरे मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top