पटना: बिहार को डिजिटल और तकनीकी क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बुधवार को नई दिल्ली स्थित बिहार भवन में गूगल India के वाइस प्रेसिडेंट चंदू थोटा के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की।

बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में तकनीकी सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बिहार सरकार की नई ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) नीति 2026 के तहत गूगल इंडिया को राज्य में अपना ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) स्थापित करने का आमंत्रण दिया।
बैठक में दोनों पक्षों ने बिहार के डिजिटल इकोसिस्टम को मजबूत करने, तकनीकी निवेश बढ़ाने और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए दीर्घकालिक साझेदारी की दिशा में काम करने पर सहमति जताई।
सरकार का मानना है कि यदि गूगल का ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर बिहार में स्थापित होता है, तो इससे आईटी सेक्टर में निवेश, रोजगार के नए अवसर और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को बड़ी मजबूती मिल सकती है।
इस बैठक में सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह भी मौजूद रहे।