पटना: बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की है कि अब प्रत्येक माह की 10 तारीख को पेंशन राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित बिहार भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित डीबीटी कार्यक्रम में 94 लाख से अधिक पेंशनधारियों के खातों में 1100 रुपये प्रति माह की दर से लगभग 1100 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।उन्होंने बताया कि पहले सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपये थी, जिसे बढ़ाकर 1100 रुपये प्रति माह किया गया है। यह लाभ 60 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को दिया जा रहा है।
आधार लिंक कराने की अपील, वंचित पात्र लाभार्थियों को जल्द मिलेगा फायदा
मुख्यमंत्री ने कहा कि 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र के ऐसे लोग, जिन्हें अभी तक सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, वे जल्द आवेदन करें। साथ ही जिन लाभार्थियों की पेंशन आधार कार्ड लिंक नहीं होने के कारण रुकी हुई है, वे भी शीघ्र आधार लिंक कराकर योजना का लाभ प्राप्त करें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लगातार सबसे लंबे कार्यकाल के अवसर पर यह राशि लाभार्थियों के खातों में भेजी गई है और अब आगे हर माह की 10 तारीख को नियमित रूप से पेंशन राशि अंतरित की जाएगी। सरकार विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार मौजूद रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास, सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं लाभार्थी जुड़े रहे।