रांची: लंबे इंतजार के बाद झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने सिविल जज (जूनियर डिवीजन) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2023 का संशोधित परिणाम जारी कर दिया है। करीब दो वर्ष बाद घोषित किए गए इस परिणाम में 1844 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है।

यह प्रारंभिक परीक्षा 10 मार्च 2024 को रांची समेत राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। आयोग ने बताया कि 9 फरवरी 2026 को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश के आलोक में संशोधित उत्तर कुंजी तैयार की गई, जिसके आधार पर अब यह संशोधित परिणाम प्रकाशित किया गया है।
138 पदों के लिए हुई थी भर्ती प्रक्रिया
जेपीएससी ने वर्ष 2023 में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के 138 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया था। अब प्रारंभिक परीक्षा में सफल हुए 1844 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे।
कोर्ट के अंतिम फैसले पर निर्भर रहेगा परिणाम
आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह संशोधित परिणाम झारखंड उच्च न्यायालय में लंबित मामलों के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। इनमें सिविल रिव्यू (फाइलिंग) संख्या 1736/2026 समेत अन्य संबंधित याचिकाएं शामिल हैं। यदि न्यायालय के निर्णय के बाद किसी प्रकार का परिवर्तन आवश्यक होता है, तो आयोग उसके अनुरूप कार्रवाई करेगा।
आयोग ने दिया महत्वपूर्ण निर्देश
जेपीएससी ने यह भी कहा है कि यदि प्रकाशित परिणाम में किसी प्रकार की टंकण त्रुटि या अन्य गलती पाई जाती है, तो उसमें आवश्यक संशोधन करने का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद आयोग ने हाल ही में इस परीक्षा की संशोधित फाइनल आंसर-की भी जारी की थी।