रांची: नगड़ी मौजा में प्रस्तावित ‘रिम्स-2’ परियोजना को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। प्रशासन की मौजूदगी में परियोजना के लिए चिन्हित जमीन पर जेसीबी मशीन से आउटर कटिंग और बाउंड्री निर्माण का काम शुरू कर दिया गया। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य का विरोध शुरू कर दिया।
स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। कांके अंचल अधिकारी अमित भगत, बरियातू थाना प्रभारी प्रकाश रजक और कांके थाना प्रभारी कुणाल कुमार ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि विरोध के बीच भी बाउंड्री निर्माण और आउटर कटिंग का कार्य जारी रहा।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस जमीन पर ‘रिम्स-2’ का निर्माण प्रस्तावित है, वह उनकी उपजाऊ खेती योग्य भूमि है। उनका आरोप है कि इस जमीन पर उनका जीवन और आजीविका निर्भर है। यदि जमीन अधिग्रहित कर ली जाती है तो उनके सामने रोजगार और भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।
ग्रामीणों ने मांग की कि उनकी सहमति के बिना जमीन पर किसी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं किया जाए और सरकार उनकी आजीविका से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करे।