Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

राजधानी रांची में अड्डाबाजी और नशापान के खिलाफ प्रशासन का अभियान युवाओं को दी गई चेतावनी…

रांची: राजधानी रांची में सार्वजनिक स्थलों पर अड्डाबाजी, नशापान और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर अरगोड़ा थाना क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत ने किया।

अभियान के दौरान अरगोड़ा मैदान, हरमू मैदान, अरगोड़ा चौक, हरमू स्थित शराब दुकान और आसपास के इलाकों में सघन जांच की गई। प्रशासनिक टीम ने सार्वजनिक स्थलों पर अनावश्यक रूप से जुटे लोगों की पहचान कर उनसे पूछताछ की और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर युवाओं का जमावड़ा पाया गया। प्रशासन ने उन्हें सार्वजनिक स्थलों पर अड्डाबाजी नहीं करने, नशापान से दूर रहने और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की हिदायत दी। साथ ही स्पष्ट किया गया कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर अनावश्यक जमावड़ा और असामाजिक गतिविधियां आम नागरिकों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए चुनौती बनती हैं। ऐसे मामलों पर जिला प्रशासन की लगातार निगरानी है और आगे भी नियमित रूप से अभियान जारी रहेगा।

अभियान में अरगोड़ा थाना प्रभारी सहित पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम शामिल रही। जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे शहर में सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना प्रशासन को दें।

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top