मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी वर्चुअल माध्यम से करेंगे शुभारंभ
लाखों महिला लाभार्थियों को मिलेगा सीधा आर्थिक लाभ
कोलकाता: राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी “अन्नपूर्णा योजना” का औपचारिक शुभारंभ बुधवार को किया जाएगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी इस योजना की शुरुआत करेंगे, जिसके तहत पात्र महिला लाभार्थियों को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। राज्य सरकार ने मंगलवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर कार्यक्रम की रूपरेखा स्पष्ट की।

अन्नपूर्णा योजना को भारतीय जनता पार्टी के चुनावी घोषणापत्र के प्रमुख वादों में शामिल किया गया था। यह योजना पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार की “लक्खी भंडार” योजना का स्थान लेगी। लक्खी भंडार योजना के तहत महिलाओं को प्रति माह अधिकतम 1,500 रुपये की सहायता राशि दी जाती थी, जबकि नई योजना में यह राशि बढ़ाकर 3,000 रुपये कर दी गई है।
राज्य सचिवालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग ने सभी जिला प्रशासन को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कार्यक्रम का संचालन सुचारू रूप से हो सके।
योजना के लाभार्थी राज्यभर के ब्लॉक और नगरपालिका स्तर पर बनाए गए केंद्रों से कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से भाग लेंगे। मुख्यमंत्री के संबोधन और कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी ब्लॉकों और नगरपालिकाओं से जोड़ा जाएगा।
सरकार का दावा है कि अन्नपूर्णा योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी। योजना के लागू होने से लाखों महिलाओं को प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता मिलेगी, जिससे उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलने की उम्मीद है।