रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में कुल 39 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में सरकारी कर्मियों और पेंशनधारियों के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी समेत स्वास्थ्य, परिवहन, प्रशासन और सामाजिक कल्याण से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए।

कैबिनेट ने राज्य कर्मियों के महंगाई भत्ते में 5 प्रतिशत वृद्धि को मंजूरी दी है। साथ ही पेंशनधारियों के डीए में भी बढ़ोतरी का फैसला लिया गया, जिससे लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को राहत मिलेगी।
बैठक में राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से “अबुवा दवाखाना” योजना को मंजूरी दी गई। इस योजना के तहत बहुचिकित्सा प्रणाली को बढ़ावा देने की तैयारी है।कैबिनेट ने दुमका एयरपोर्ट से नियमित हवाई सेवा शुरू करने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए मौसम विभाग, भारत सरकार के साथ एमओयू को स्वीकृति दी। इससे संताल परगना क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है।

इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थों की सूचना देने वालों के लिए पुरस्कार नीति को मंजूरी दी गई है। वहीं गंभीर रूप से अस्वस्थ दिव्यांग कलाकारों को आर्थिक सहायता देने का भी निर्णय लिया गया।बैठक में खूंटी जिले के कर्रा में रेलवे परियोजना के लिए जमीन हस्तांतरण, एजी रिपोर्ट 2026 को सदन में पेश करने और विभिन्न वेब पोर्टल्स के लिए एजेंसी चयन के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
इसके साथ ही झारखंड भवन और न्यू झारखंड भवन के कमरों के शुल्क में बढ़ोतरी तथा हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त चीफ जस्टिस और जस्टिस को मिलने वाली सुविधाओं में भी इजाफा किया गया है।कुल मिलाकर हेमंत कैबिनेट की इस बैठक में कर्मचारियों, स्वास्थ्य सेवाओं, परिवहन और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े कई बड़े फैसलों पर मुहर लगी है, जिसका असर राज्य के विभिन्न वर्गों पर देखने को मिलेगा।