लकड़ी चुनने गई थीं दोनों बच्चियां, भीषण गर्मी में नहाने उतरीं और गहरे पानी में समा गईं
गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले में एक बेहद दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नगर उंटारी थाना क्षेत्र के कुंबा गांव स्थित तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार, पतरिहा कलां गांव के हरिजन टोला निवासी राजू राम की 8 वर्षीय बेटी प्रियांशु कुमारी और परमेश्वर Ram की 10 वर्षीय बेटी रेशमा कुमारी मंगलवार सुबह करीब 9 बजे बहवा पहाड़ की ओर लकड़ी चुनने के लिए घर से निकली थीं। लेकिन देर शाम तक दोनों बच्चियां वापस नहीं लौटीं, जिसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई।
इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने रातभर आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन दोनों बच्चियों का कोई पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह करीब 6 बजे गांव के कुछ बच्चों ने तालाब में दोनों बच्चियों को देखा। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चियों के शव तालाब से बाहर निकाले गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। ग्रामीण अरुण तिवारी ने बताया कि दोनों बच्चियां लकड़ी चुनने गई थीं। भीषण गर्मी के कारण वे तालाब में नहाने उतर गईं, लेकिन गहरे पानी में चले जाने से दोनों की डूबकर मौत हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी इस तालाब में कई लोगों की जान जा चुकी है। घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से तालाब के चारों ओर घेराबंदी, सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। वहीं एसडीपीओ सतेंद्र सिंह ने बताया कि तालाब में डूबने से दो बच्चियों की मौत हुई है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।