किसानों के मुद्दों पर हेमंत सरकार घिरी
धान खरीद, मुआवजा और भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा का प्रखंड मुख्यालय पर प्रदर्शन
किसानों से वादाखिलाफी के विरोध में भाजपा ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
रांची: रांची जिले के अनगड़ा प्रखंड मुख्यालय के समक्ष मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ने किसानों से वादाखिलाफी और सरकारी योजनाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में एक दिवसीय धरना दिया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी और पूर्व विधायक रामकुमार पाहन समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और किसान शामिल हुए।
धरना को संबोधित करते हुए अमर कुमार बाउरी ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर झारखंड के सभी प्रखंड और अंचल कार्यालयों के समक्ष किसानों के हित में धरना दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को अब तक पर्याप्त राहत नहीं मिली है। साथ ही सरकार ने धान खरीद के लिए ₹3200 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य देने का वादा कर किसानों को ठगा है।
उन्होंने अंचल कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि जमीन का डिजिटलीकरण, खातों को ऑनलाइन कराने और अन्य राजस्व कार्यों के लिए किसानों और आम लोगों से घूस मांगी जा रही है। बाउरी ने कहा कि ‘मइयां सम्मान योजना’ के नाम पर महिलाओं से वोट लेने के बाद अब सत्यापन के बहाने उन्हें ब्लॉक कार्यालयों के चक्कर लगवाए जा रहे हैं।
पूर्व विधायक रामकुमार पाहन ने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान किसानों को प्रति एकड़ ₹5000 की सहायता दी जाती थी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार ने इस योजना को बंद कर दिया। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं में भी पात्र लाभुकों को वंचित किया जा रहा है।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।