झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रोफेशनल्स कांग्रेस की बैठक में संगठन विस्तार और जनहित के मुद्दों पर आंदोलन की रणनीति बनी।
महंगाई, नीट परीक्षा पेपर लीक और सोना खरीद पर रोक के विरोध में रांची में जल्द धरना आयोजित किया जाएगा।
रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के नवनियुक्त महासचिव सह प्रदेश कांग्रेस प्रोफेशनल्स कांग्रेस के प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल की अध्यक्षता में शनिवार को कांग्रेस भवन, रांची में प्रोफेशनल्स कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में संगठन को पुनर्गठित कर मजबूत बनाने के साथ-साथ महंगाई, नीट परीक्षा पेपर लीक और सोना खरीद पर रोक जैसे मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई।बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रोफेशनल्स कांग्रेस का विस्तार करते हुए युवाओं और पेशेवर वर्ग को संगठन से जोड़ा जाएगा। साथ ही पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों, नीट पेपर लीक और सोना खरीद पर रोक के विरोध में रांची में जल्द ही धरना कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश से मिलकर तिथि और स्थल तय किया जाएगा।
आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि प्रोफेशनल्स कांग्रेस आने वाले दिनों में आम जनता की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करेगी और जनहित के मुद्दों पर आंदोलन तेज करेगी।
प्रदेश कांग्रेस के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को विफल बताते हुए कहा कि सोना खरीद पर रोक से ज्वेलरी कारोबार और उससे जुड़े कारीगरों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
वहीं लाल किशोर नाथ शाहदेव ने महंगाई को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि बढ़ती कीमतों ने आम लोगों का बजट बिगाड़ दिया है।कार्यालय प्रभारी राजन वर्मा ने नीट परीक्षा पेपर लीक को छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
बैठक में आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, राजन वर्मा, जेनेट एंड्रयू, डॉ. सिद्धार्थ कुमार, विकास आनंद, सरवर पॉल, अनिल सिंह, उत्कर्ष मिश्रा और अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।