हैदराबाद : तेलंगाना के महबूबनगर जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा महबूबनगर बायपास रोड पर उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक और एक कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। मृतकों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, घटना आधी रात के बाद की है। बताया जा रहा है कि कार सड़क पर यू-टर्न ले रही थी, तभी तेज गति से आ रही स्पोर्ट्स बाइक सीधे कार से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और कार दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में बाइक पर सवार दो लोग और कार में मौजूद तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान पांचों ने दम तोड़ दिया।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, शुरुआती जांच में बाइक रेसिंग की आशंका जताई जा रही है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया है कि इलाके में तेज रफ्तार बाइकें रेस कर रही थीं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से सड़क पर तेज रफ्तार और स्टंटबाजी से बचने की अपील की है।