रांची: मनरखन महतो बी.एड कॉलेज में शुक्रवार को “सतत विकास के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता : नवाचार, चुनौतियाँ एवं भविष्य की दिशाएँ” विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के पहले दिन देश-विदेश के शिक्षाविदों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली।

सेमिनार का उद्घाटन प्रो. (डॉ.) सरोज शर्मा, कॉलेज के अध्यक्ष मनरखन महतो एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन सत्र में प्रस्तुत गणेश वंदना एवं स्वागत नृत्य ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।
इस अवसर पर अतिथियों को सम्मानित किया गया तथा सेमिनार स्मारिका एवं ISBN युक्त पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दूधेश्वर महतो ने स्वागत भाषण देते हुए सेमिनार के उद्देश्य और शिक्षा जगत में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) सरोज शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता आने वाले समय में शिक्षा और शोध के स्वरूप को पूरी तरह बदलने वाली है तथा सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
सेमिनार में विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए प्राचार्यों और शिक्षाविदों ने भी अपने विचार साझा किए। इनमें डॉ. सपना त्रिपाठी, डॉ. मौसमी कुमार, डॉ. ज्योति वालिया तथा डॉ. नाजिश नाज प्रमुख रहीं।
कॉलेज के अध्यक्ष मनरखन महतो ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता शिक्षा जगत को नई दिशा दे रही है और ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन शिक्षकों व विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करते हैं। वहीं निदेशक मनोज कुमार महतो ने कहा कि नवाचार आधारित शिक्षा ही भविष्य की आवश्यकता है और एआई को अपनाकर शिक्षा को अधिक प्रभावी एवं समावेशी बनाया जा सकता है।

अंतरराष्ट्रीय कीनोट स्पीकर के रूप में डॉ. दलविंदर कौर ने ऑनलाइन माध्यम से अपने विचार रखे। वहीं डॉ. रश्मि ने भी कृत्रिम बुद्धिमत्ता और उच्च शिक्षा पर विशेष व्याख्यान दिया।
दोपहर बाद नागपुरी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भरा। इसके बाद डॉ. गोपाल पाठक एवं डॉ. राजू कुमार ने अपने व्याख्यान प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसे मुकुल कुमारी ने प्रस्तुत किया। सेमिनार के प्रथम दिन लगभग 450 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कर सक्रिय सहभागिता निभाई। आयोजन में ट्रस्टी विरेन्द्रनाथ ओहदार, खुशबू सिंह, कृति काजल समेत कॉलेज परिवार के शिक्षक, कर्मचारी और प्रशिक्षु उपस्थित रहे।