Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

बिहार मंत्रिमंडल में नए मंत्रियों ने संभाला पदभार विकास और जनकल्याण को बताया प्राथमिकता

पटना: बिहार सरकार के नए मंत्रिमंडल के गठन के बाद शुक्रवार को विभिन्न विभागों के मंत्रियों ने अपने-अपने विभागों का कार्यभार संभाल लिया। सभी मंत्रियों ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया और विकास, पारदर्शिता, जनकल्याण तथा बेहतर प्रशासन को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई।

स्वास्थ्य मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने वाले निशांत कुमार ने कहा कि राज्य में अमीर-गरीब के बीच बिना भेदभाव के बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों की परंपरा आगे भी जारी रहेगी।

ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि राज्य के विकास का रास्ता गांवों की सड़कों से होकर गुजरता है। उन्होंने ग्रामीण संपर्कता मजबूत करने, गुणवत्तापूर्ण सड़क और पुल निर्माण तथा मानसून पूर्व तैयारियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने कहा कि विभाग की योजनाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा ताकि अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। उन्होंने महिलाओं, बच्चों, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों के कल्याण को प्राथमिकता बताया।

पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने पंचायतों में लगी सोलर स्ट्रीट लाइट्स के रखरखाव और शिकायतों के त्वरित निपटारे के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायतों को विकास की मजबूत इकाई बनाने के लिए विभाग लगातार काम करेगा।

परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि गांवों से शहरों तक सड़क संपर्क को और मजबूत बनाया जाएगा। जाम की समस्या कम करने और परिवहन सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में विभाग तेजी से काम करेगा।

सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने पैक्सों के सर्वांगीण विकास, सहकारी बैंकों को मजबूत बनाने और किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने को प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि सहकारिता को कृषि के साथ-साथ विनिर्माण और सेवा क्षेत्र में भी बढ़ावा दिया जाएगा।

डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम ने कहा कि बिहार में डेयरी और मत्स्य क्षेत्र की अपार संभावनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने कहा कि एससी-एसटी बहुल पिछड़े क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा और भवन निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि पर्यटन केवल घूमने का माध्यम नहीं बल्कि रोजगार और आर्थिक विकास का बड़ा आधार है। उन्होंने बिहार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने की बात कही।

विधि मंत्री संजय सिंह ‘टाइगर’ ने विभागीय कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निष्ठापूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए।

सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि भ्रामक और फर्जी सूचनाओं पर तत्काल तथ्यात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बिहार की सकारात्मक छवि को राज्य के बाहर भी मजबूत करने की आवश्यकता बताई।

उधर, उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने उद्योग विभाग का कार्यभार संभालते हुए कहा कि बिहार में निवेश और औद्योगिक विकास को नई गति दी जाएगी। उन्होंने निवेशकों के लिए पारदर्शी और उद्योग समर्थ वातावरण तैयार करने तथा रोजगार सृजन को सरकार की प्रमुख प्राथमिकता बताया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top