यूपी: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित वृद्धावस्था पेंशन योजना लाखों बुजुर्ग महिलाओं के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। प्रदेश की 29,23,364 बुजुर्ग महिलाओं को इस योजना के तहत नियमित आर्थिक सहायता दी जा रही है। आर्थिक रूप से कमजोर और निराश्रित महिलाओं के लिए यह योजना बुढ़ापे का मजबूत सहारा बनकर उभरी है।

योगी सरकार ने योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए डीबीटी प्रणाली लागू की है। इसके तहत 1,000 रुपये प्रतिमाह की पेंशन राशि हर तिमाही सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। इससे बिचौलियों और भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है तथा जरूरतमंद महिलाओं को समय पर सहायता मिल रही है।
पूर्वांचल के जिलों में योजना का सबसे अधिक प्रभाव देखने को मिला है। जौनपुर में सबसे ज्यादा 1,00,820 बुजुर्ग महिलाओं को पेंशन मिल रही है। वहीं आजमगढ़ में 86,166 और बलिया में 79,160 महिलाओं को योजना का लाभ प्राप्त हो रहा है। सरकार अब भी ऐसे पात्र लोगों की पहचान करने में जुटी है, जो अभी योजना से वंचित हैं।
नियमित पेंशन मिलने से बुजुर्ग महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। दवा, राशन और रोजमर्रा के खर्चों के लिए अब उन्हें दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। इससे महिलाओं में आत्मनिर्भरता बढ़ी है और परिवार व समाज में उनका सम्मान भी मजबूत हुआ है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश की हर निराश्रित बुजुर्ग महिला को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ना है।