नई दिल्ली: भारत में बैंक लॉकर की बढ़ती मांग के बीच निजी क्षेत्र के प्रमुख बैंक एक्सिस बैंकने नई दिल्ली में अपनी पहली डिजिटल लॉकर-केंद्रित शाखा की शुरुआत की है। बैंक का कहना है कि यह शाखा सुरक्षित बैंकिंग और अत्याधुनिक लॉकर सेवाओं के नए दौर की शुरुआत करेगी। इस हाईटेक शाखा का उद्घाटन वित्तीय सेवा सचिव एम नागराजू ने बैंक के प्रबंध निदेशक अमिताभ चौधरी और कार्यकारी निदेशक मुनीश शारदा की मौजूदगी में किया। बैंक के अनुसार, देश में सुरक्षित बैंक लॉकर की मांग लगातार बढ़ रही है, खासकर महानगरों और घनी आबादी वाले शहरी इलाकों में।

अनुमान है कि वर्ष 2030 तक करीब 6 करोड़ संपन्न लोगों को बैंक लॉकर की जरूरत होगी, जबकि फिलहाल देश में केवल लगभग 60 लाख लॉकर उपलब्ध हैं। इसी बढ़ती जरूरत को देखते हुए एक्सिस बैंक ने डिजिटल लॉकर-केंद्रित शाखा विकसित की है, जहां ग्राहकों को उन्नत सुरक्षा, ऑटोमेटेड सिस्टम, अधिक गोपनीयता और सुविधाजनक बैंकिंग अनुभव मिलेगा।
बैंक का कहना है कि नई शाखा प्रीमियम रिहायशी इलाकों में ग्राहकों को सुरक्षित और स्मार्ट लॉकर सेवाएं देने के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों में अपनी भौतिक मौजूदगी को भी मजबूत करेगी।