जल संसाधन विभाग में 15 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र
डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी बोले- ईमानदारी और समर्पण से करें कार्य
6 सहायक अभियंता समेत 15 कर्मियों ने संभाली नई जिम्मेदारी
सिंचाई और बाढ़ सुरक्षा योजनाओं में निभानी होगी अहम भूमिका

पटना,
बिहार जल संसाधन विभाग में बुधवार को आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में उप मुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने 15 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने सभी नव नियुक्त कर्मियों से पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
सिंचाई भवन स्थित विभागीय सभागार में आयोजित इस समारोह में 6 सहायक अभियंताओं, अनुकंपा के आधार पर नियुक्त 6 निम्नवर्गीय लिपिकों और 3 कार्यालय परिचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विभागीय सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। अभियंता प्रमुख वरुण कुमार ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों और अतिथियों का स्वागत किया।
अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से सभी चयनित अभ्यर्थी जल संसाधन विभाग परिवार का हिस्सा बन गए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों और आम लोगों को सिंचाई और बाढ़ सुरक्षा जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराता है, इसलिए सभी कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने नव नियुक्त सहायक अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण करें और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएं। वहीं अनुकंपा के आधार पर नियुक्त कर्मियों से कहा कि यह विभाग की संवेदनशीलता का प्रतीक है कि कर्मचारी के निधन के बाद उनके आश्रितों को शीघ्र नौकरी दी जाती है।
विभागीय सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने भी सभी नवनियुक्त कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि विभाग उनसे उत्कृष्ट कार्य की अपेक्षा करता है और उनके कार्यों में हरसंभव सहयोग देगा।
समारोह में अभियंता प्रमुख ब्रजेश मोहन, तकनीकी परामर्शी मनोज रमण, संयुक्त सचिव अजय कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।