चतरा: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एनटीपीसी नॉर्थ करनपुरा में “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम के तहत भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कर्मचारियों, उनके परिवार के सदस्यों और टाउनशिप के निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।

कार्यक्रम में एनटीपीसी नॉर्थ करनपुरा के परियोजना प्रमुख आलोक त्रिपाठी एवं वसुंधरा लेडीज क्लब की अध्यक्ष श्रीमती ज्योत्सना त्रिपाठी की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों ने प्रतिभागियों को नियमित योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने कराया योगाभ्यास
आयोजित योग सत्र का संचालन विशेषज्ञ योग प्रशिक्षकों द्वारा किया गया। प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने योग के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक लाभों पर विस्तार से जानकारी दी।

स्वस्थ जीवनशैली पर दिया गया जोर
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि योग केवल एक शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि संतुलित और स्वस्थ जीवन जीने की कला है। विशेष रूप से बढ़ती उम्र में शारीरिक क्षमता बनाए रखने, मानसिक तनाव कम करने और बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
बड़ी संख्या में लोगों ने की भागीदारी
योग दिवस कार्यक्रम में एनटीपीसी के कर्मचारियों, उनके परिजनों और टाउनशिप के निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।