रामगढ़: रामगढ़ जिले की सिरका ओपनकास्ट खदान में रविवार शाम अचानक जमीन के नीचे से भारी मात्रा में पानी निकलने लगा, जिससे पूरे खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पानी का बहाव इतना तेज था कि देखते ही देखते खदान का बड़ा हिस्सा जलमग्न हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि रविवार होने के कारण खदान में नियमित खनन कार्य बंद था और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

कुछ ही मिनटों में जलमग्न हुआ क्षेत्र
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पानी मानो धरती के गर्भ से फूट पड़ा हो। कुछ ही मिनटों में खदान के भीतर तेजी से पानी भरने लगा। घटना की सूचना मिलते ही खदान प्रबंधन और सुरक्षा कर्मी सक्रिय हो गए तथा पूरे क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी गई।
सुरक्षित स्थान पर हटाए गए उपकरण
खदान के भीतर पानी निकासी के लिए लगाए गए मोटर, मशीनें और अन्य उपकरणों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। वहीं, आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग घटना को देखने के लिए मौके पर पहुंच गए।
पुरानी भूमिगत खदान की गैलरी बनी वजह
सिरका परियोजना के पदाधिकारी एएन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खनन कार्य के दौरान पुरानी बंद भूमिगत खदान की गैलरी प्रभावित हो गई, जिसके कारण वहां जमा पानी ओपनकास्ट खदान में प्रवेश कर गया।
सभी मजदूर सुरक्षित, उत्पादन कार्य बंद
अधिकारियों के अनुसार घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा मानकों के तहत खदान में मौजूद सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कोयला उत्पादन में लगी मशीनों और वाहनों को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। फिलहाल खदान में कोयला उत्पादन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
युद्धस्तर पर शुरू हुई जल निकासी
खदान से पानी निकालने के लिए पंपिंग कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल निकासी और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही खनन कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा। फिलहाल स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।