सरकार के कामकाज की जानकारी जनता तक तेजी से पहुंचे: मुख्यमंत्री
फर्जी और भ्रामक खबरों का तुरंत तथ्यों के साथ करें खंडन: सम्राट चौधरी
सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक तेजी से पहुंचे, योजनाओं की मॉनिटरिंग में AI का करें उपयोग – सम्राट चौधरी
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक सही ढंग से और त्वरित रूप से पहुंचनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने सभी विभागों को योजनाओं के अनुश्रवण और मॉनिटरिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को लोक सेवक आवास, 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ सभागार में सूचना एवं जन-संपर्क विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान यह बातें कहीं। बैठक में सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने विभागीय कार्यों की अद्यतन स्थिति और भावी कार्ययोजना की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है और राज्य तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। राज्य में आधारभूत संरचना, बेहतर कानून व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं और छोटे उद्योगों के विकास से लोगों को लाभ मिल रहा है। इन उपलब्धियों की जानकारी प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना आवश्यक है।
उन्होंने निर्देश दिया कि बिहार की विशेषताओं, उपलब्धियों, विरासत स्थलों और जिलों के प्रमुख पर्यटन एवं विकास स्थलों की जानकारी जिलावार उपलब्ध कराई जाए, ताकि राज्य और देश के अन्य हिस्सों के लोग भी बिहार के सकारात्मक बदलावों से अवगत हो सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का महत्व लगातार बढ़ रहा है। सभी विभागों को योजनाओं की निगरानी में AI तकनीक का उपयोग करना चाहिए, जिससे पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ेगी। साथ ही सभी जिलों में AI के उपयोग के लिए अलग-अलग कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली तथ्यहीन, भ्रामक और नकारात्मक खबरों का तुरंत तथ्यों के साथ खंडन करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव लोकेश कुमार सिंह, विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. गोपाल सिंह, सचिव संजय कुमार सिंह, सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के निदेशक अनिल कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।