हाजीपुर में खुलेगा देश का तीसरा NIFTEM, किसानों-युवाओं को मिलेगा बड़ा फायदा
पटना: बिहार को फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने एक्स पोस्ट के जरिए जानकारी दी है कि वैशाली जिले के हाजीपुर में देश के तीसरे NIFTEM यानी राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान की स्थापना को मंजूरी मिल गई है।

मुख्यमंत्री ने इसे बिहार के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह संस्थान 100 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक शिक्षण संस्थान नहीं होगा, बल्कि बिहार में फूड प्रोसेसिंग, रिसर्च, तकनीकी शिक्षा और उद्यमिता के नए युग की शुरुआत करेगा।
सम्राट चौधरी ने अपने पोस्ट में कहा कि इस संस्थान के खुलने से किसानों, युवाओं और उद्यमियों के लिए रोजगार और नए अवसरों के द्वार खुलेंगे। साथ ही बिहार कृषि आधारित उद्योगों के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत पहचान बनाएगा।
मुख्यमंत्री ने NDA सरकार के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार को नए अवसर, नई रफ्तार और समृद्धि की ओर ले जाना है। राजनीतिक जानकारों की मानें तो आगामी चुनावी माहौल के बीच सरकार विकास और रोजगार के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाने में जुटी है।