देशभर में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच अब सीएनजी उपभोक्ताओं को भी बड़ा झटका लगा है। शुक्रवार से सीएनजी की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलोग्राम तक की बढ़ोतरी कर दी गई है। मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव और ईरान संकट के बीच तेल कंपनियों के इस फैसले ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

नई दरें लागू होने के बाद दिल्ली-NCR समेत कई शहरों में सीएनजी के दाम बढ़ गए हैं। राजधानी दिल्ली में सीएनजी अब 79.09 रुपये प्रति किलो मिल रही है, जबकि नोएडा और गाजियाबाद में इसका भाव 87.70 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है। गुरुग्राम में सीएनजी 84.12 रुपये प्रति किलो बिक रही है।
यूपी-राजस्थान में भी बढ़े दाम
उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई शहरों में भी सीएनजी महंगी हो गई है। कानपुर, हमीरपुर और फतेहपुर में सीएनजी की कीमत 90.42 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। वहीं अजमेर, पाली और राजसमंद में नए रेट 88.44 रुपये प्रति किलो लागू किए गए हैं।
महोबा, बांदा और चित्रकूट जैसे शहरों में भी सीएनजी के दाम बढ़कर 85.42 रुपये प्रति किलो हो गए हैं।
मुंबई में पहले ही बढ़ चुकी थीं कीमतें
इससे पहले महानगर गैस लिमिटेड (MGL) मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र में सीएनजी की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी कर चुकी है। इसका असर मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, कल्याण-डोंबिवली और रायगढ़ जैसे इलाकों में देखा जा रहा है।
ऑटो-टैक्सी किराया बढ़ने की आशंका
सीएनजी महंगी होने का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ सकता है। ऑटो और टैक्सी किराए बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। वहीं ऐप-बेस्ड कैब सेवाएं भी बढ़ती ईंधन लागत का बोझ यात्रियों पर डाल सकती हैं। इतना ही नहीं, सीएनजी से चलने वाली सरकारी बसों के संचालन खर्च में भी बढ़ोतरी होगी। इसके अलावा माल ढुलाई महंगी होने से सब्जी, फल, दूध और रोजमर्रा की जरूरत की चीजों के दाम भी बढ़ सकते हैं।
जनता पर महंगाई की डबल मार
पहले पेट्रोल-डीजल और अब सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी ने आम आदमी की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों के बीच आने वाले दिनों में ट्रांसपोर्ट और घरेलू खर्च पर इसका बड़ा असर देखने को मिल सकता है।