रांची: आम लोगों की रसोई पर महंगाई का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। अमूल और मदर डेयरी के बाद अब मेधा डेरी ने भी अपने उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। शनिवार दोपहर से दूध, दही और पनीर के नए रेट लागू हो गए हैं।

मेधा डेयरी की ओर से जारी नई दरों के मुताबिक अब एक लीटर टोंड दूध (शक्ति व अन्य) 60 रुपये की जगह 62 रुपये में मिलेगा। डबल टोंड दूध का दाम 50 से बढ़ाकर 52 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। वहीं आधा लीटर फुल क्रीम गोल्ड दूध अब 34 रुपये और काऊ मिल्क का आधा लीटर पैक 29 रुपये में मिलेगा।
इसके अलावा छह लीटर टोंड मिल्क का पैक अब 324 रुपये और छह लीटर फुल क्रीम गोल्ड दूध 396 रुपये में मिलेगा। शक्ति स्पेशल दूध के दामों में भी दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। दूध के साथ-साथ पनीर और दही भी महंगे हो गए हैं।
200 ग्राम पनीर अब 85 की जगह 90 रुपये, 500 ग्राम पनीर 215 रुपये और एक किलो ब्लॉक पनीर 420 रुपये में मिलेगा। वहीं दही की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। 200 ग्राम पाउच दही अब 20 रुपये, 400 ग्राम 35 रुपये और एक किलो दही 75 रुपये में मिलेगा। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच डेयरी उत्पादों के दाम बढ़ने से आम उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा असर पड़ने वाला है।