चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देवाल-लोहाजंग मोटर मार्ग पर ल्वाणी के पास हुआ, जहां एक ईको कार करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बांक (लोहाजंग) निवासी बलबीर सिंह अपने परिजन भजन सिंह के पार्थिव शरीर को देहरादून से अंतिम संस्कार के लिए गांव ला रहे थे। शव एक निजी एंबुलेंस में लाया जा रहा था, जबकि बलबीर सिंह अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ईको वैन से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान शनिवार सुबह करीब 4 बजे ल्वाणी के जंगल क्षेत्र में वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, डीडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। दुर्घटना में वाहन सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है, जिससे वाहन नियंत्रण खो बैठा और खाई में जा गिरा। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल में भर्ती कराया गया है। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एयर एंबुलेंस के जरिए देहरादून रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। जिस परिवार पर पहले से ही एक सदस्य की मौत का दुख था, उसी परिवार को रास्ते में एक और बड़ी त्रासदी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।