नई दिल्ली/रांची: भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो (BRE समिट एंड एक्सपो) 2026 का आयोजन 2 से 5 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में किया जाएगा। इस बार समिट को खास बनाने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़े तीन बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों को एक ही मंच पर आयोजित किया जा रहा है।
BRE समिट एंड एक्सपो 2026 के साथ पहली बार अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन (ISA) असेंबली के 9वें सत्र और ग्रीन हाइड्रोजन पर चौथे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (ICGH) का भी आयोजन होगा। इससे भारत को वैश्विक स्तर पर नवीकरणीय ऊर्जा, सौर ऊर्जा और ग्रीन हाइड्रोजन के क्षेत्र में सहयोग और निवेश के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
प्रधानमंत्री करेंगे समिट का उद्घाटन
केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने समिट से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BRE समिट एंड एक्सपो 2026 का उद्घाटन करने की सहमति दी है।
प्रह्लाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री की मौजूदगी विकसित भारत के प्रमुख स्तंभ के रूप में नवीकरणीय ऊर्जा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। साथ ही, यह वैश्विक सतत विकास में भारत के योगदान को भी रेखांकित करेगी।
75 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के पहुंचने की उम्मीद
चार दिवसीय इस समिट में 75 से अधिक देशों से 75,000 से ज्यादा प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन में नवीकरणीय ऊर्जा की पूरी वैल्यू चेन को एक मंच पर लाने की तैयारी है।
समिट में नवीकरणीय ऊर्जा डेवलपर्स, तकनीकी कंपनियां, निर्माता, बैटरी स्टोरेज क्षेत्र की कंपनियां, ग्रीन हाइड्रोजन विशेषज्ञ, वित्तीय संस्थान, अंतरराष्ट्रीय संगठन और निवेशक हिस्सा लेंगे।
34 देशों को BRE समिट के लिए न्योता
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, BRE समिट एंड एक्सपो को वैश्विक भागीदारी को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसके लिए 34 देशों को आमंत्रित किया गया है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन की असेंबली के लिए 128 देशों को आमंत्रित किया गया है।
एक ही मंच पर होने वाले इन आयोजनों के जरिए नवीकरणीय ऊर्जा, सौर ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण और ग्रीन हाइड्रोजन के क्षेत्र में वैश्विक सहयोग, तकनीकी साझेदारी और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी।