रांची: झारखंड राज्य आजीविका कंप्यूटर ऑपरेटर संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अनन्य मित्तल (IAS) से मुलाकात कर लंबित मांगों के समाधान की मांग की। यह शिष्टमंडल झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के नेतृत्व में मिला।

बैठक की शुरुआत महासंघ की ओर से मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुई। इसके बाद संघ के अध्यक्ष करन कुमार गुप्ता और महासचिव पंकज कुमार ने विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
संघ ने मांग की कि JSLPS में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटरों को राज्य सरकार के अन्य विभागों की तर्ज पर 40,900 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाए तथा उन्हें मानव संसाधन नियमावली के लेवल-7 में शामिल किया जाए। इसके अलावा कर्मचारियों की पदस्थापना उनके निवास स्थान से 15 किलोमीटर के दायरे में करने, स्थायी समायोजन करने और राज्यकर्मियों की तरह सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गई।
संघ का कहना है कि इन मांगों पर पूर्व के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी ने लिखित सहमति दी थी, लेकिन अब तक उसका अनुपालन नहीं हो पाया है। प्रतिनिधिमंडल ने इस पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।महासंघ के महामंत्री सुनील कुमार साह ने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार (IAS) से भी इन मांगों को लागू करने का आग्रह किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर उनके वरीय आप्त सचिव की ओर से भी विभाग को इस संबंध में पत्र भेजा जा चुका है।

बैठक के दौरान मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अनन्य मित्तल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
शिष्टमंडल में करन कुमार गुप्ता, पंकज कुमार, आलोक कुमार, कमला कुमारी, पवन कुमार, रिजवान आलम, रोहित कुमार, लौरेंस तिर्की, इरशाद अंसारी, मुकेश कुमार, पूजा कुमारी, रीना कुमारी और सुमन कुमारी सहित कई सदस्य मौजूद रहे। वहीं, महासंघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि कंप्यूटर ऑपरेटरों की लंबित मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।