Shikhar Samvad

--:--:-- -- ... | ... |
भारतन्यूज़ - Header

सीएम आवास की सुरक्षा बढ़ी कांके रोड पर बैरिकेडिंग कई रास्ते बंद संभावित घेराव को लेकर अलर्ट…

रांची: JPSC-JSSC समेत विभिन्न मांगों को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री आवास के संभावित घेराव की आशंका को देखते हुए रांची पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मुख्यमंत्री आवास और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कांके रोड पर कई जगह बैरिकेडिंग की गई है, जबकि कुछ रास्तों को एहतियातन पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

CM आवास के आसपास बढ़ाई गई सुरक्षा

पुलिस ने कांके रोड स्थित हॉटलिप्स चौक से राम मंदिर चौक के बीच बैरिकेडिंग शुरू कर दी है। इसके अलावा सूचना भवन से एटीआई की ओर जाने वाली सड़क को भी बंद कर दिया गया है। मुख्यमंत्री आवास की तरफ जाने वाले अन्य रास्तों पर भी बैरिकेडिंग के साथ पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।

छात्र आंदोलन को देखते हुए ऐसी आशंका जताई जा रही है कि प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर सकते हैं। हालांकि, घेराव को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पहले से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है।

भीड़ बढ़ी तो बंद हो सकता है कांके रोड-रातू रोड मार्ग

प्रशासन की ओर से संभावित स्थिति को देखते हुए वैकल्पिक तैयारियां भी की जा रही हैं। अगर प्रदर्शनकारियों की भीड़ बढ़ती है, तो कांके रोड से रातू रोड जाने वाले मार्ग को भी पूरी तरह बंद किया जा सकता है।

इससे इस रूट से गुजरने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है। हालांकि, फिलहाल राम मंदिर चौक से सिद्धू-कान्हू पार्क होते हुए रेडियम रोड की ओर आवागमन जारी रहने की बात कही गई है।

इलाके में पुलिस की तैनाती बढ़ी

संभावित प्रदर्शन को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी लगातार इलाके की निगरानी कर रहे हैं। बैरिकेडिंग के जरिए प्रदर्शनकारियों को प्रतिबंधित क्षेत्र तक पहुंचने से रोकने की तैयारी की गई है।

प्रशासन का फोकस सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ संभावित भीड़ को नियंत्रित करने पर है। छात्र आंदोलन के बीच अब मुख्यमंत्री आवास के आसपास बढ़ाई गई सुरक्षा और बंद किए गए रास्तों ने राजधानी में हलचल बढ़ा दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🏠
Home
🎬
मनोरंजन
💰
धन
🌦️
मौसम
📢
Latest News
×
Scroll to Top